ताजा खबर

लखनऊ में तीन दिन में एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत, गांव में दहशत

Photo Source : Google

Posted On:Friday, November 13, 2026

लखनऊ न्यूज डेस्क: लखनऊ के मलिहाबाद इलाके के खण्डसरा गांव में तीन दिन के भीतर एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत से हड़कंप मच गया है। परिजनों का कहना है कि तीनों बच्चों को पहले हल्का बुखार आया था, जिसके बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। हैरानी की बात यह है कि तीनों ने सुबह 5 से 6 बजे के बीच दम तोड़ा। घटना के बाद गांव के लोगों में भी किसी अज्ञात बीमारी को लेकर डर बना हुआ है।

किसान आशीष कुमार के तीन बच्चे थे। उनके सबसे छोटे बेटे देवांश (3) को 9 नवंबर की दोपहर करीब ढाई बजे घर के बाहर खेलते समय हल्का बुखार आया। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके अगले दिन 10 नवंबर को बड़े बेटे कार्तिक (7) की भी तबीयत अचानक बिगड़ी और उसने दम तोड़ दिया। कार्तिक कक्षा एक में पढ़ता था। दोनों बच्चों का अंतिम संस्कार कर दिया गया था।

इसके बाद 11 नवंबर की रात बेटी लक्ष्मी (10) को बुखार के साथ पेट दर्द की शिकायत हुई। हालत बिगड़ने पर परिवार ने उसे दुबग्गा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां गुरुवार सुबह डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में उसका शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। परिजनों के मुताबिक, 6 नवंबर को गांव में मेला लगा था और तीनों बच्चे वहां घूमने गए थे। इसके करीब तीन दिन बाद उनकी तबीयत खराब होने लगी थी।

तीन बच्चों की मौत की जानकारी मिलने पर शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की दो टीमें गांव पहुंचीं और परिवार के सदस्यों समेत आसपास के लोगों की जांच की। माल सीएचसी अधीक्षक डॉ. धनंजय कुशवाहा ने बताया कि लक्ष्मी की मलेरिया, डेंगू और टाइफाइड की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। परिवार सहित कुल 30 लोगों की जांच में भी इन बीमारियों की पुष्टि नहीं हुई। दोपहर करीब 3 बजे एसडीएम मलिहाबाद अपराजिता आर्यन ने गांव पहुंचकर अधिकारियों से जानकारी ली और पेयजल की जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही एंटी लार्वा का छिड़काव और फॉगिंग कराने को कहा गया। स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों को साफ-सफाई रखने और बुखार या अन्य परेशानी होने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र जाने की सलाह दी है।


लखनऊ और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. Lucknowvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.