लखनऊ न्यूज डेस्क: लखनऊ की नंदी विहार कॉलोनी में मकान पर सजावट के लिए लड़ी लगा रहे महेश तिवारी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गए और नीचे गिर पड़े। घटना के बाद उन्हें रात में मल्हार सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत को देखते हुए आगे इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर भेज दिया।
मकान के छज्जे के पास से गुजर रही थी हाईटेंशन लाइन
यह घटना मल्हार भरवारा वार्ड की नंदी विहार कॉलोनी की है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, महेश अपने घर पर लड़ी लगा रहे थे। मकान के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन सामने के छज्जे के काफी पास थी। इसी दौरान लड़ी तार के संपर्क में आ गई और करंट की चपेट में आने से महेश झुलस गए।
करंट से घरों की बिजली व्यवस्था भी प्रभावित
हादसे के बाद मकान की वायरिंग जल गई। आसपास के घरों में भी बिजली की खराबी आ गई। सुबह मोहल्ले के लोगों ने लाइनमैन को बुलाकर बिजली की समस्या ठीक कराई। कामता पावर हाउस के कर्मचारी कुणाल ने आसपास के घरों की बिजली आपूर्ति से जुड़ी दिक्कतें दूर कीं।
पहले भी हो चुका है हादसा
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस हाईटेंशन लाइन की वजह से पहले भी दुर्घटना हो चुकी है। उनका आरोप है कि लाइन मकानों के बेहद करीब से गुजर रही है, जिससे घरों की वायरिंग जलने का खतरा बना रहता है। बारिश के दिनों में यह परेशानी और बढ़ जाती है।