लखनऊ न्यूज डेस्क: अखिलेश यादव सरकार में मंत्री रहे गायत्री प्रसाद प्रजापति पर लखनऊ जेल में हमला हुआ है। जेल अधिकारियों के अनुसार, जेल अस्पताल में भर्ती पूर्व मंत्री और सफाई का जिम्मा संभाल रहे कैदी के बीच कहासुनी के दौरान कैदी ने अलमारी की स्लाइडिंग से प्रजापति पर हमला कर दिया। इस हमले में उन्हें सिर पर सतही चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ट्रॉमा सेंटर में लाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने इस घटना का वीडियो साझा करते हुए न्यायिक जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि जेल में हुए इस हमले की निष्पक्ष जांच हो और उत्तर प्रदेश में किसी की भी सुरक्षा की गारंटी नहीं है।
गायत्री प्रसाद प्रजापति उत्तर प्रदेश के अमेठी के रहने वाले हैं और अखिलेश यादव सरकार में खनन व परिवहन मंत्री रह चुके हैं। उनके ऊपर बेनामी संपत्ति अर्जित करने के आरोप हैं। 2017 में उन पर एक महिला द्वारा गैंग रेप और नाबालिग बेटी से रेप के प्रयास का आरोप लगा था। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया और 2021 में इलाहाबाद हाई कोर्ट ने उन्हें पांच साल की सजा सुनाई थी।