लखनऊ न्यूज डेस्क: लखनऊ के शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष की उड़ान भरकर इतिहास रच दिया है। स्पेसएक्स के फाल्कन 9 रॉकेट से शुभांशु समेत चार अंतरिक्ष यात्री Axiom-4 मिशन के तहत रवाना हुए हैं। यह अंतरिक्ष यान लगभग 28 घंटे की यात्रा के बाद इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर डॉक करेगा। शुभांशु भारतीय वायुसेना में ग्रुप कैप्टन हैं और उनकी इस उपलब्धि पर पूरा देश गर्व महसूस कर रहा है।
इस खास मौके को लखनऊ के सिटी मॉन्टेसरी स्कूल में बड़े गर्व और उत्साह के साथ लाइव दिखाया गया, जहां शुभांशु ने कभी पढ़ाई की थी। स्कूल के कानपुर रोड शाखा में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के साथ शुभांशु के माता-पिता को भी आमंत्रित किया गया था। जैसे ही दोपहर 12:10 पर शुभांशु की अंतरिक्ष उड़ान शुरू हुई, पूरा प्रेक्षागृह तालियों से गूंज उठा और हर किसी की आंखों में गर्व की चमक थी।
बेटे को अंतरिक्ष में जाता देख माता आशा शुक्ला और पिता शंभु दयाल शुक्ला की आंखों से खुशी के आंसू बह निकले। मां आशा भावुक होकर बोलीं कि यह पल शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता, यह बेहद गौरवपूर्ण अनुभव है। वहीं, पिता शंभु दयाल स्कूल प्रबंधन के साथ बैठकर इस ऐतिहासिक पल को देखते रहे और बेटे की उड़ान पर गर्व महसूस किया।
इस ऐतिहासिक पल के गवाह शुभांशु की पत्नी डॉ. कामना मिश्रा भी बनीं, जिन्होंने अमेरिका से यह दृश्य देखा। शुभांशु के ससुर ब्रजमोहन मिश्रा ने बताया कि उनका दामाद साल 2009 में फ्लाइट लेफ्टिनेंट थे, तब उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि एक दिन वे अंतरिक्ष तक पहुंचेंगे। आज पूरा परिवार और शहरवासियों के साथ देश भी इस गौरवमयी उपलब्धि पर जश्न मना रहा है।