लखनऊ न्यूज डेस्क: जापान के एक कपल ने तलाक के चार साल बाद एक बार फिर एक-दूसरे से शादी की है। इस बार दोनों ने भारत आकर हिंदू रीति-रिवाजों से विवाह किया। हिरो चिहारा और उनकी पत्नी शिजू ने 23 नवंबर को लखनऊ के गोमती नगर स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में सात फेरे लिए। इस खास मौके पर उनके तीन बच्चे, परिवार के सदस्य और दोस्त भी मौजूद रहे।
शादी के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें कपल पारंपरिक हिंदू रस्में निभाता नजर आ रहा है। दोनों ने एक-दूसरे को गेंदे के फूलों की माला पहनाई, शिजू ने सिंदूर लगाया और फिर सात फेरे लेकर शादी की रस्में पूरी कीं। समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में हिरो ने इस दिन को बेहद खास बताया। उन्होंने कहा कि 2022 में तलाक लेने के बाद दोनों ने दोबारा शादी करने का फैसला किया और उनकी इच्छा थी कि यह शादी भारत में हो।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हिरो और शिजू अपने परिवार के साथ भारत घूमने आए थे। 21 नवंबर को वे लखनऊ में अपने दोस्त पंकज जोशी की शादी में शामिल हुए थे। वहां भारतीय शादी की रस्में देखकर दोनों काफी प्रभावित हुए और उन्होंने भी हिंदू रीति-रिवाजों से शादी करने की इच्छा जताई। इसके बाद गोमती नगर के राधा-कृष्ण मंदिर में उनके विवाह की व्यवस्था की गई। इस दौरान हिरो कुर्ता-पायजामा और शिजू पारंपरिक भारतीय कपड़ों में नजर आईं।
दोबारा शादी करने और वह भी भारत में हिंदू रीति-रिवाजों से विवाह करने के इस फैसले ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा है। वायरल वीडियो में दोनों को शादी की रस्में निभाते और एक-दूसरे को फूलों की माला पहनाते देखा जा सकता है। उनके तीनों बच्चे भी इस पूरे समारोह में मौजूद रहे। हिरो और शिजू के लिए यह शादी सिर्फ दोबारा साथ आने का मौका नहीं, बल्कि भारत में पारंपरिक विवाह का अनुभव लेने की उनकी इच्छा पूरी होने का भी खास अवसर रही।