लखनऊ न्यूज डेस्क: उत्तर प्रदेश में रिटायर्ड सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) ललित कुमार के लखनऊ स्थित आवास पर विजिलेंस की छापेमारी में बड़ी मात्रा में नकदी, सोना-चांदी और करोड़ों रुपये की संपत्ति का खुलासा हुआ है। करीब 26 घंटे तक चली कार्रवाई में टीम ने 13 किलो सोना, 9 किलो चांदी और हीरे के आभूषण बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 20 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
तलाशी के दौरान विजिलेंस को करीब 1.62 करोड़ रुपये नकद भी मिले, जिन्हें पैकेट बनाकर घर की दीवारों और अलग-अलग कमरों में छिपाकर रखा गया था। इसके अलावा 15 स्थानों पर मकान, फ्लैट और कृषि भूमि से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। विजिलेंस के अनुसार, बरामद संपत्तियों की कुल कीमत करीब 35 करोड़ रुपये आंकी गई है।
विजिलेंस विभाग के मुताबिक, ललित कुमार के खिलाफ वर्ष 2024 में भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू की गई थी। जांच में उनकी कुल वैध आय 93.26 लाख रुपये पाई गई, जबकि चल और अचल संपत्तियों की खरीद तथा अन्य खर्चों पर 1.61 करोड़ रुपये खर्च किए गए। यानी उन्होंने अपनी आय से करीब 68.66 लाख रुपये, या 73.6 प्रतिशत अधिक खर्च किया, जिसका वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
छापेमारी में लखनऊ, नोएडा, बाराबंकी और रायबरेली में स्थित कई संपत्तियों के दस्तावेज, दो कारें, एक रिवॉल्वर और बैंक, पोस्ट ऑफिस, म्यूचुअल फंड तथा फिक्स्ड डिपॉजिट में एक करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से जुड़े कागजात भी मिले हैं। मामले में विजिलेंस आगे की जांच कर रही है और बरामद संपत्तियों के स्रोतों की पड़ताल की जा रही है।