लखनऊ न्यूज डेस्क: लखनऊ विश्वविद्यालय के सेकेंड कैंपस में सोमवार को एलएलएम (LLM) प्रवेश परीक्षा के दौरान उस समय हंगामा हो गया, जब कुछ अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र पर नकल होने का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। दोपहर करीब 2 बजे शुरू हुए विवाद के दौरान अभ्यर्थियों ने परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए और निष्पक्ष परीक्षा कराने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों की एडमिशन सेल के कर्मचारियों और प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों से तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को शांत कराने का प्रयास किया।
अभ्यर्थियों का आरोप था कि परीक्षा कक्ष में कुछ परीक्षार्थी मोबाइल फोन लेकर बैठे थे और उसी के जरिए परीक्षा दे रहे थे। उनका कहना था कि जब परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल पहुंच गया, तो नकल रोकने के दावों पर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
गौरतलब है कि एक दिन पहले एलएलबी (LLB) प्रवेश परीक्षा के दौरान भी नकल के दो मामले सामने आए थे। जांच के दौरान एक अभ्यर्थी मोबाइल फोन के साथ पकड़ा गया था, जबकि दूसरे को स्मार्ट चश्मे की मदद से नकल करते हुए पकड़ा गया था। लगातार सामने आ रहे मामलों के बाद विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।