लखनऊ न्यूज डेस्क: शुक्रवार को लंबे इंतजार के बाद चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची सार्वजनिक कर दी। लखनऊ में प्रेस वार्ता के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने जानकारी दी कि साल 2024 के मुकाबले इस बार मतदाताओं की संख्या में लगभग 2 करोड़ 6 हजार की गिरावट दर्ज की गई है।
नई सूची के अनुसार प्रदेश में कुल 13 करोड़ 39 लाख 44 हजार 792 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से 7 करोड़ 30 लाख 71 हजार 61 पुरुष मतदाता हैं, जबकि 6 करोड़ 9 लाख 9 हजार 525 महिला मतदाता शामिल हैं। प्रतिशत के आधार पर पुरुष मतदाता 54.54% और महिला मतदाता 45.46% हैं।
यदि आप यह जांचना चाहते हैं कि आपका नाम इस अंतिम सूची में है या नहीं, तो चुनाव आयोग की वेबसाइट https://electoralsearch.eci.gov.in/ पर जाकर ऑनलाइन खोज कर सकते हैं। यहां उपलब्ध विभिन्न विकल्पों के माध्यम से आसानी से नाम देखा जा सकता है।
इसके अलावा पूरी वोटर लिस्ट का पीडीएफ डाउनलोड करने के लिए https://voters.eci.gov.in/download-eroll पर जाएं। वहां राज्य और वर्ष 2026 चुनने के बाद अपना जिला और विधानसभा क्षेत्र दर्ज करें। कैप्चा भरकर भाग संख्या चुनें और डाउनलोड बटन पर क्लिक करें। इसके बाद संबंधित क्षेत्र की पूरी मतदाता सूची आपके सामने आ जाएगी।