लखनऊ न्यूज डेस्क: लखनऊ के गोसाईगंज कोतवाली क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की ढाल पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। परिजनों को सोमवार सुबह करीब 10 बजे घटना की जानकारी मिली।
मृतकों की पहचान अनुज पाल उर्फ हनी (22) और नीतीश शर्मा (22) के रूप में हुई है। दोनों 4 जुलाई की रात बाइक से घर से निकले थे। सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार, घर से निकलते समय दोनों ने अलग-अलग वजह बताई थी। अनुज पाल उर्फ हनी ने कहा था कि वह ऑफिस के काम से लखीमपुर जा रहा है, जबकि नीतीश शर्मा ने बताया था कि वह पटना में परीक्षा देने जा रहा है।
नीतीश शर्मा लखनऊ के कल्याणपुर स्थित शिवपुरी कॉलोनी का रहने वाला था। उसकी मां का नाम शोभा रानी है। वह अपने दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था।
पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मामले की जांच जारी है।