लखनऊ न्यूज डेस्क: लखनऊ में अब मौसम तेजी से बदल रहा है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी के साथ दिन में गर्मी का अहसास भी बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को दिन का तापमान और चढ़ सकता है, जबकि रात के तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी की संभावना है। पछुआ हवा की रफ्तार में उतार-चढ़ाव बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में इसके धीमे रहने से न्यूनतम तापमान और बढ़ सकता है।
इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (आईएमडी) के मुताबिक 25 फरवरी तक बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम शुष्क बना रहेगा। अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। रविवार को अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में करीब सात किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है।
वसंत ऋतु के आगमन के बाद से शहर और आसपास के इलाकों में सुबह जल्दी धूप निकल रही है। सुबह-शाम हल्की ठंडक बनी हुई है, लेकिन दोपहर में तेज धूप लोगों को गर्मी का एहसास करा रही है। सापेक्ष आर्द्रता 55 से 71 प्रतिशत के बीच रही, जबकि सुबह नमी 82 प्रतिशत और शाम को 52 प्रतिशत दर्ज की गई। सुबह उमस हल्की महसूस हुई, लेकिन दोपहर बाद मौसम शुष्क हो गया।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले एक-दो दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। पूरे प्रदेश में अगले सप्ताह तक मौसम सूखा रहने का अनुमान है। 23 और 24 फरवरी को हल्के बादल छा सकते हैं, लेकिन बारिश के आसार नहीं हैं। लगातार बढ़ते तापमान से संकेत मिल रहे हैं कि इस बार गर्मी जल्दी दस्तक दे सकती है।