लखनऊ न्यूज डेस्क: थाईलैंड के पटाया शहर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद लखनऊ की प्रियंका शर्मा का शव देर रात अमौसी एयरपोर्ट पहुंचा। परिजनों ने बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए प्रियंका के डॉक्टर पति आशीष श्रीवास्तव के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। लखनऊ के थाना पीजीआई पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने प्रियंका का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की भी मांग की है।
थाईलैंड में हुई संदिग्ध मौत
प्रियंका अपने पति आशीष और बेटे के साथ थाईलैंड के पटाया शहर घूमने गई थीं। इस दौरान होटल में उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रियंका के पिता सत्यनारायण शर्मा का आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या आशीष ने की है। वहीं, आशीष का कहना है कि प्रियंका की मौत होटल के बाथटब में डूबने से हुई।
पुलिस ने पति से पूछताछ की
पीजीआई पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को आरोपी पति आशीष श्रीवास्तव से पूछताछ की गई, जहां उसने बाथटब में डूबने से मौत होने की बात दोहराई। पुलिस ने उसके बयान दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों को थाईलैंड की रिपोर्ट पर संदेह
थाईलैंड के डॉक्टरों ने प्रियंका की मौत का कारण कार्डियोपलमोनरी फेलियर बताया है। लेकिन प्रियंका के परिवार को इस रिपोर्ट पर भरोसा नहीं है। परिजनों का कहना है कि लखनऊ में दोबारा पोस्टमार्टम कराकर सच्चाई का पता लगाया जाए।
लव मैरिज के बाद शुरू हुआ विवाद
प्रियंका और आशीष ने 2017 में लव मैरिज की थी। शादी के बाद प्रियंका पटना एम्स में अकाउंटेंट थीं, जबकि आशीष उरई मेडिकल कॉलेज में सीनियर रेजीडेंट थे। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही आशीष का व्यवहार बदल गया था।
परेशान कर रहा था पति
प्रियंका के पिता का आरोप है कि आशीष का एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर था, जिसका प्रियंका विरोध करती थी। इसके बाद आशीष ने उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। प्रियंका ने पहले भी आशीष के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। परिजनों ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।