लखनऊ न्यूज डेस्क: उत्तर प्रदेश विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में शुक्रवार को वोटिंग के दौरान आगरा शिक्षक खंड से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार डॉ. आकाश अग्रवाल ने चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने मतदान केंद्रों पर गड़बड़ी और अपने समर्थकों को परेशान किए जाने का आरोप लगाया। मीडिया से बात करते समय वह इतने भावुक हो गए कि फूट-फूटकर रोने लगे। इसी दौरान उन्होंने लखनऊ की शाही ईदगाह में जाकर धर्म परिवर्तन करने की बात भी कही।
डॉ. आकाश अग्रवाल ने खेरागढ़ के एक मतदान केंद्र का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि जब पीठासीन अधिकारी खाना खाने बैठे, तो वहां मौजूद सभी लोगों को बाहर कर दिया गया। उन्होंने छाता के बूथ पर भी कब्जा किए जाने का आरोप लगाया। सपा प्रत्याशी के मुताबिक, अधिकारियों ने उनके कार्यकर्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार किया और उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है।
अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए आकाश अग्रवाल ने कहा कि उनके साथ ऐसा बर्ताव हो रहा है, मानो वह पाकिस्तान से आए कोई आतंकवादी हों। उन्होंने कहा कि वह इस तरह की प्रताड़ना बर्दाश्त नहीं करना चाहते और ऐसे सनातन में नहीं रहना चाहते। इसी बात को लेकर उन्होंने लखनऊ की शाही ईदगाह में जाकर धर्म परिवर्तन करने की बात कही।
सपा प्रत्याशी ने यह भी कहा कि उन्हें चुनाव में हार या जीत की चिंता नहीं है। उनका कहना था कि वह आजाद भारत में रहते हैं और किस पार्टी से चुनाव लड़ना है, इसका फैसला खुद करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदान के दौरान अब भी बूथ कैप्चरिंग की जा रही है।