लखनऊ न्यूज डेस्क: लखनऊ के शालीमार वन वर्ल्ड शहीद पथ में सैलून मैनेजर रतना सिंह की आत्महत्या मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस ने इस केस में नामजद बिल्डर समेत चारों आरोपितों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। साथ ही फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मामले में अवैध कार्यालयों और निर्माण कार्यों की भी जांच शुरू कर दी गई है।
गोरखपुर की रहने वाली 32 वर्षीय रतना सिंह मानसून सैलून में मैनेजर थीं और शालीमार वन वर्ल्ड स्थित फ्लैट में रहती थीं। कुछ दिन पहले उन्होंने अपने फ्लैट में आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो में रतना ने बिल्डर और होटल संचालक शरद सिंह, उसकी पत्नी पल्लवी, मंगलनाथ यादव और वैशाली समेत अन्य लोगों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया था। इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की।
रतना के पिता की शिकायत पर गोमतीनगर विस्तार थाने में सभी आरोपितों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने शुक्रवार को शरद सिंह से जुड़े विरासत होटल, सैलून और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सील कर दिया। इसके अलावा साक्ष्यों के आधार पर तीन लग्जरी वाहनों को भी सीज किया गया है। पुलिस ने एलडीए को पत्र लिखकर आरोपितों के अवैध ऑफिस और निर्माणाधीन बिल्डिंग की जांच व सीलिंग की कार्रवाई शुरू करने को कहा है।
डीसीपी पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा ने बताया कि पुलिस डिजिटल साक्ष्यों, वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य दस्तावेजों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। सैलून और होटल के बाहर नोटिस भी चस्पा किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी नए तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।