लखनऊ न्यूज डेस्क: रविवार को लखनऊ में तेज हवा और बारिश का असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा। चिनहट, कमता, लौलई, गोमतीनगर, गोमतीनगर विस्तार, इंदिरानगर और अलीगंज समेत कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। अलीगंज सेक्टर-के में एक बड़ा पेड़ बिजली के खंभे पर गिर गया, जिसे हटाने के लिए बिजली विभाग और नगर निगम की टीम को मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करनी पड़ी।
नगराम क्षेत्र के बलसिंहखेड़ा गांव में रविवार रात करीब 8 बजे थ्री-फेज विद्युत केबल में आग लग गई। इसकी वजह से भोरा खुर्द, रसूलपुर, करोरा, देवती, केवली, तमोरिया, भवानीखेड़ा, समेसी, अचलीखेड़ा और नेवाजखेड़ा सहित करीब 50 गांवों की बिजली आपूर्ति लगभग पांच घंटे तक ठप रही। सूचना मिलने के बाद विभाग की टीम ने मरम्मत कार्य कर सप्लाई बहाल की।
दुबग्गा उपकेंद्र के अंतर्गत बरावन कलां में करंट लगने से किसान धर्मवीर की एक भैंस की मौत हो गई। बिजली विभाग के अनुसार, भैंस बिजली के खंभे से रगड़ खा रही थी, तभी उसमें करंट उतर आया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बीकेटी इलाके में देर रात ट्रांसफार्मर में आग लगने से पास की एक झोपड़ी भी जल गई। घटना के बाद इलाके की बिजली सप्लाई बंद कराई गई और करीब चार घंटे बाद आपूर्ति बहाल हो सकी।
उधर, मोहनलालगंज में 11 केवी लाइन के खंभे पर जंपर में आग लगने से पूरे कस्बे की बिजली करीब दो घंटे तक बाधित रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पोल पर अक्सर ऐसी घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन विभाग की ओर से अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने बिजली व्यवस्था की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।