लखनऊ न्यूज डेस्क: ऐशबाग क्षेत्र में लगातार तीन दिन और दो रातों से बिजली कटौती झेल रहे लोगों का गुस्सा शुक्रवार देर रात फूट पड़ा। करीब 300 से 400 लोग बिजली उपकेंद्र में घुस गए और जमकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों ने ऑपरेटर के साथ मारपीट की, तोड़फोड़ की और मौके पर मौजूद जेई व एसडीओ को जान बचाकर भागना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, उपकेंद्र का पावर ट्रांसफार्मर खराब होने से ऐशबाग के करीब 10 हजार उपभोक्ता एक जुलाई से बिजली संकट झेल रहे थे। देर रात रामनगर, धोबीघाट, जल संस्थान, खजुआ और पीली कॉलोनी समेत आसपास के लोगों ने सड़क जाम कर दिया और फिर उपकेंद्र पहुंचकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान ऑपरेटर आनंद वर्मा ने खुद को कमरे में बंद कर अधिकारियों को सूचना दी।
प्रदर्शनकारियों ने उपकेंद्र का गेट, मेज-कुर्सियां और अन्य सामान तोड़ दिया तथा शिकायत रजिस्टर भी फाड़ दिया। जब कुछ लोग बंद फीडर को खुद चालू करने लगे तो ऑपरेटर ने उन्हें रोकने की कोशिश की। हालात बिगड़ने पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज किया। घटना के बाद बाजारखाला कोतवाली में ऑपरेटर की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।
वहीं, नगराम क्षेत्र में समेसी उपकेंद्र से जुड़े ग्रामीण भी लगातार बिजली ट्रिपिंग से परेशान हैं। बिजली विभाग का कहना है कि भीषण गर्मी के चलते बिजली की मांग बढ़ने से लाइनों पर अतिरिक्त लोड पड़ रहा है, जिसकी वजह से बार-बार ट्रिपिंग हो रही है।