ताजा खबर

लोहिया संस्थान में 100 से ज्यादा सफाई कर्मियों का प्रदर्शन, साथियों की पिटाई पर जताया विरोध

Photo Source : Google

Posted On:Tuesday, September 22, 2026

लखनऊ न्यूज डेस्क: लखनऊ के लोहिया संस्थान में मंगलवार को 100 से ज्यादा सफाई कर्मियों ने प्रशासनिक भवन का घेराव कर प्रदर्शन किया। सोमवार को इमरजेंसी के टॉयलेट में नवजात का शव मिलने की जानकारी देने वाले दो सफाई कर्मियों के साथ कथित मारपीट के बाद कर्मचारी नाराज हैं। उन्होंने नारेबाजी करते हुए आरोपियों पर कार्रवाई और अपने दोनों साथियों को न्याय दिलाने की मांग की।

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना था कि काम के दौरान सफाई कर्मियों के साथ इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संस्थान में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई। मारपीट का आरोप लगाने वाले दोनों सफाई कर्मियों ने विभूतिखंड थाने में सुरक्षा अधिकारी और सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

कर्मचारियों के प्रदर्शन के चलते संस्थान की साफ-सफाई व्यवस्था कई घंटे तक प्रभावित रही। प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर संस्थान के अधिकारी प्रशासनिक भवन पहुंचे और कर्मचारियों से बातचीत की। अधिकारियों ने पूरी घटना की जानकारी ली और शिकायत पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद कर्मचारियों ने प्रदर्शन खत्म कर दिया। हालांकि, प्रदर्शन के दौरान प्रशासनिक भवन के आसपास कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल रहा।

पिटाई के बाद वीडियो बनाकर किया था वायरल

दोनों सफाई कर्मियों ने सोमवार रात सोशल मीडिया पर अपना वीडियो बनाकर वायरल किया था। वीडियो में उन्होंने सुरक्षाकर्मियों पर पाइप से पीटने, अभद्रता करने और कई घंटे तक बंधक बनाकर रखने का आरोप लगाया था। आरोप है कि सोमवार सुबह इमरजेंसी के टॉयलेट में नवजात का शव मिलने की जानकारी अधिकारियों को देने के बाद दोनों को प्रशासनिक भवन बुलाया गया था। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि अगर मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे आंदोलन करेंगे।


लखनऊ और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. Lucknowvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.