लखनऊ न्यूज डेस्क: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार दोपहर से मानसून ने जोर पकड़ लिया। अमौसी और सरोजनी नगर क्षेत्र से शुरू हुई तेज बारिश धीरे-धीरे पूरे शहर में फैल गई। बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव हो गया और लोगों को घुटनों तक पानी में होकर गुजरना पड़ा।
चौक क्षेत्र की बान वाली गली में नाले जाम होने के कारण बारिश का पानी गलियों में भर गया। वहीं, सदर बाजार के आजाद मोहल्ले में एक बड़ा पेड़ गिरने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं, जिससे यातायात भी प्रभावित रहा।
एक ओर जहां शहरवासी जलभराव और अव्यवस्थाओं से परेशान दिखे, वहीं किसानों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई। बारिश शुरू होते ही कई किसान खेतों में उतर गए और धान की रोपाई शुरू कर दी। कृषि विभाग के अनुसार, प्रदेश में खरीफ फसलों की बुवाई अब तेजी पकड़ रही है। धान की नर्सरी तैयार करने के 4.60 लाख हेक्टेयर के लक्ष्य में से अब तक 4.50 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में नर्सरी डाली जा चुकी है।
मौसम विभाग ने अगले चार से पांच दिनों तक प्रदेशभर में बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान जताया है। विभाग के मुताबिक, शनिवार और रविवार को 25 से अधिक जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, 35 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। बारिश के कारण अधिकतम तापमान में सामान्य से करीब पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के भी आसार हैं।