लखनऊ न्यूज डेस्क: लखनऊ के जुनाबगंज स्थित प्रसाद इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के छात्रों ने बुधवार दोपहर करीब 12 बजे कानपुर रोड पर प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दी। छात्रों ने कॉलेज प्रशासन पर तानाशाही रवैया अपनाने और उनकी स्वतंत्र आवाजाही पर अवैध प्रतिबंध लगाने का आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने 'हमें चाहिए आजादी' के नारे भी लगाए।
प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना था कि पिछले करीब तीन सप्ताह से उन्हें परिसर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी जा रही है। केवल रविवार को पूर्व अनुमति के बाद चार घंटे के लिए बाहर जाने की छूट दी जाती है। छात्रों ने हॉस्टल में कूलर और एसी की कमी, खराब भोजन, खाने में कीड़े मिलने, स्टेशनरी की दुकान और जिम जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव का भी आरोप लगाया। उनका कहना था कि वैध ट्रेन टिकट या आपात स्थिति में भी उन्हें कैंपस से बाहर जाने नहीं दिया जाता।
प्रदर्शन के दौरान छात्र-छात्राओं ने कॉलेज के मुख्य गेट पर बाहर निकलने वाले लोगों को भी रोक दिया और दूसरे गेट का इस्तेमाल करने को कहा, जिससे कुछ देर के लिए आवागमन प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर एसीपी अभिषेक कुमार पांडे, बंथरा पुलिस और कॉलेज चेयरमैन बीपी यादव मौके पर पहुंचे और छात्रों से बातचीत कर उनकी मांगें सुनीं। छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन को अपना मांगपत्र भी सौंपा।
छात्रों ने बताया कि पहले उन्हें शाम 4 बजे से 8 बजे तक हॉस्टल से बाहर जाने की अनुमति थी, लेकिन हाल ही में इस व्यवस्था को बंद कर दिया गया था। बातचीत के बाद चेयरमैन बीपी यादव ने आश्वासन दिया कि फिलहाल इस नियम को स्थगित किया जा रहा है और पहले की तरह छात्र-छात्राएं निर्धारित समय में बाहर आ-जा सकेंगे। आश्वासन मिलने के बाद छात्रों ने सड़क जाम और धरना समाप्त कर दिया।