लखनऊ न्यूज डेस्क: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के इटौंजा थाना क्षेत्र में मुहर्रम के जुलूस के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ एक मकान की छत का हिस्सा अचानक ढह जाने से मलबे में दबकर दो 12 वर्षीय बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए हैं। यह दर्दनाक घटना शुक्रवार रात करीब 10:15 बजे मोहाना के मोहल्ला पखरिया में घटित हुई।
मिली जानकारी के मुताबिक, मुहर्रम के जुलूस के दौरान लोग एक मकान की छत पर खड़े थे और वहीं से नीचे मौजूद लोगों को शरबत व अन्य पेय पदार्थ परोस रहे थे। तभी अचानक छत का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया, जिससे वहाँ खड़े और नीचे मौजूद कई लोग मलबे के नीचे दब गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत राहत कार्य शुरू किया गया।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे। मलबे से निकाले गए सभी घायलों को इलाज के लिए आनन-फानन में बख्शी का तालाब (BKT) स्थित 100 बेड वाले संयुक्त अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने मोहाना निवासी कासिम के बेटे अली (12) और इमरान के बेटे अरमान (12) को इलाज के दौरान मृत घोषित कर दिया। दो मासूम बच्चों की मौत से इलाके में मातमी सन्नाटा पसर गया है।
हादसे में गंभीर रूप से घायल पांच अन्य लोगों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। वहीं, दो बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि लियाकत अली की बेटी रुसीदा का इलाज अभी भी बीकेटी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर रहकर स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।