ताजा खबर

लखनऊ में शुक्रवार को नर्सरी से 12वीं तक के सभी स्कूल बंद, एमएलसी चुनाव के लिए 121 मतदान केंद्र तैयार

Photo Source : Google

Posted On:Thursday, October 22, 2026

लखनऊ न्यूज डेस्क: लखनऊ में शुक्रवार, 23 अक्टूबर को यूपी विधान परिषद चुनाव के मतदान के चलते नर्सरी से लेकर 12वीं कक्षा तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। जिला अधिकारी के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) विपिन कुमार और जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) देवेंद्र कुमार पांडेय ने गुरुवार को संयुक्त आदेश जारी कर अवकाश घोषित किया है। यह आदेश यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य बोर्ड के सरकारी, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त स्कूलों पर लागू होगा। लखनऊ खंड स्नातक और खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए शुक्रवार को मतदान होना है।

एमएलसी चुनाव के लिए 121 मतदान केंद्र तैयार

जिला प्रशासन ने चुनाव कराने के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान के लिए कुल 121 मतदान केंद्र और 259 बूथ बनाए गए हैं। चुनाव व्यवस्था को संभालने के लिए पूरे क्षेत्र को 9 जोन और 45 सेक्टर में बांटा गया है। गुरुवार को मतदान कराने वाली टीमें अपने-अपने केंद्रों के लिए रवाना हो गईं। चुनाव के लिए 134 वाहनों की व्यवस्था की गई है, जिनमें 72 भारी और 62 हल्के वाहन शामिल हैं। मतदान प्रक्रिया को पूरा कराने के लिए कुल 1,030 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

स्नातक और शिक्षक सीटों पर 1.16 लाख से ज्यादा मतदाता

6 अक्टूबर 2026 के आंकड़ों के मुताबिक, लखनऊ में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों को मिलाकर कुल 1,16,491 मतदाता हैं। इनमें 96,070 मतदाता स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और 20,421 मतदाता शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के हैं। स्नातक सीट के लिए 138 बूथ और शिक्षक सीट के लिए 121 बूथ बनाए गए हैं।

मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में प्रचार पर रोक

निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार, मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में चुनाव प्रचार नहीं किया जा सकेगा। यहां टेबल लगाने, पोस्टर-बैनर, झंडे, लाउडस्पीकर और प्रचार सामग्री के इस्तेमाल पर रोक रहेगी। इस दायरे में अनधिकृत वाहनों को आने और भीड़ जुटाने की भी अनुमति नहीं होगी। मतदान केंद्र के अंदर केवल अधिकृत लोगों को ही प्रवेश मिलेगा।

मतदाता पहचान पत्र के साथ जा सकेंगे वोट डालने

मतदान करने के लिए मतदाता फोटो पहचान पत्र दिखाना होगा। इसके अलावा आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट या निर्वाचन आयोग की ओर से मान्य अन्य पहचान दस्तावेजों का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। मतदान पूरा होने के बाद सीलबंद मतपेटियों और चुनाव से जुड़ी अन्य सामग्री को सीधे रमाबाई रैली स्थल स्थित मतगणना केंद्र पहुंचाया जाएगा।


लखनऊ और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. Lucknowvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.