लखनऊ न्यूज डेस्क: इण्डियन होटल्स कंपनी (IHCL) ने उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमती नगर में अपने नए लग्जरी होटल 'ताज पैलेस, लखनऊ' (Taj Palace, Lucknow) के भव्य शुभारंभ की घोषणा की है। इस नए होटल का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया गया। लखनऊ में कंपनी का यह दूसरा ताज ब्रांड होटल है, जो राज्य के तेजी से बढ़ते आर्थिक परिदृश्य, मजबूत बुनियादी ढांचे और पर्यटन क्षेत्र में आ रहे उछाल को रेखांकित करता है।
आईएचसीएल (IHCL) के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुनीत छतवाल ने इस अवसर पर बताया कि उत्तर प्रदेश में कंपनी की उपस्थिति काफी पुरानी और मजबूत है। राज्य में कंपनी का पोर्टफोलियो अब 20 से अधिक शहरों में फैलकर 60 होटलों तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि लखनऊ जैसे प्रमुख शहर देश के नए विकास केंद्र के रूप में उभर रहे हैं, और ताज पैलेस का खुलना इस क्षेत्र के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता तथा सांस्कृतिक व व्यापारिक धरोहर को सहेजने के प्रयास को दर्शाता है।
गोमती नगर के मुख्य केंद्र में स्थित 181 कमरों का यह आधुनिक होटल शहर के ऐतिहासिक चरित्र और समकालीन वास्तुकला का एक अनूठा संगम है। यह होटल हरे-भरे परिदृश्य और प्राकृतिक रोशनी से सराबोर विशाल कमरों के साथ मेहमानों को विश्वस्तरीय अनुभव प्रदान करता है। खान-पान के शौकीनों के लिए होटल में 'मचान' (अॉल-डे डाइनिंग), 'हाउस ऑफ मिंग' (चाइनीज व्यंजन), 'बिस्ट्रॉट' (काफे) और 'शैडो एंड ओक' (व्हिस्की बार) जैसे शीर्ष श्रेणी के रेस्टोरेंट और बार शुरू किए गए हैं।
कारोबारी और वेलनेस सुविधाओं के लिहाज से होटल में ताज का सिग्नेचर 'जे वेलनेस सर्किल' (आयुर्वेद और वेलनेस केंद्र), रूफटॉप स्विमिंग पूल और अत्याधुनिक फिटनेस सेंटर बनाया गया है। इसके अलावा, ताज का exclusive मेम्बर्स-ओनली बिजनेस क्लब 'द चैम्बर्स' (The Chambers) भी पहली बार उत्तर प्रदेश में पदार्पण कर रहा है। होटल के जनरल मैनेजर संतोष शेट्टी ने कहा कि ताज पैलेस लखनऊ के बदलते स्वरूप और प्राकृतिक सुंदरता का प्रतिबिंब है, जो शहर में विश्वस्तरीय आतिथ्य की नई मिसाल कायम करेगा।