लखनऊ न्यूज डेस्क: उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री और भाजपा नेता नानक राम भुर्जी (68) का मंगलवार को लखनऊ में निधन हो गया। वह हजरतगंज स्थित दारुलशफा न्यू विधायक आवास परिसर के पीछे ऊपरी मंजिल से गिर गए थे। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, विधायक आवास परिसर के प्रभारी ने सूचना दी थी कि एक व्यक्ति ऊपरी मंजिल से नीचे गिर गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नानक राम भुर्जी को सिविल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि नानक राम भुर्जी लंबे समय से अवसाद (डिप्रेशन) से जूझ रहे थे। पुलिस का कहना है कि उन्हें अक्सर विधायक आवास परिसर के आसपास टहलते देखा जाता था। हालांकि, मौत की परिस्थितियों की जांच अभी जारी है।
घटना की जानकारी उनके परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।