लखनऊ न्यूज डेस्क: दुबई से लखनऊ आ रही फ्लाई दुबई की एक उड़ान शनिवार सुबह लैंडिंग के दौरान बर्ड हिट का शिकार हो गई। हालांकि, पायलट की सूझबूझ से विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई और उसमें सवार सभी 164 यात्री व क्रू सदस्य सुरक्षित हैं।
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, फ्लाइट FZ443 खराब मौसम के कारण अपने निर्धारित समय से करीब 38 मिनट देरी से लखनऊ पहुंची। एयरपोर्ट के पास पहुंचते ही विमान से एक पक्षी टकरा गया। स्थिति को देखते हुए पायलट ने तत्काल खाली रनवे की मांग की, जिसके बाद एयरपोर्ट अथॉरिटी ने तुरंत रनवे क्लियर कराया और विमान को सुरक्षित उतार लिया गया।
लैंडिंग के बाद विमान को पार्किंग बे में ले जाकर उसकी विस्तृत तकनीकी जांच शुरू की गई। बर्ड स्ट्राइक के संकेत मिलने के बाद विमान को उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी गई है। जांच पूरी होने तक विमान छह घंटे से अधिक समय तक एयरपोर्ट पर खड़ा रहा, जिससे दुबई जाने वाले कई यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गौरतलब है कि लखनऊ एयरपोर्ट पर इससे पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। 30 अप्रैल को इंडिगो की रायपुर जाने वाली उड़ान के सामने रनवे पर अचानक एक बंदर आ गया था, जिसके बाद पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर बड़ा हादसा टाल दिया था।