लखनऊ न्यूज डेस्क: लखनऊ में चल रही यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के बीच फर्जी पेपर बेचने का मामला सामने आया है। हुसैनगंज स्थित पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड में तैनात इंस्पेक्टर राजेश कुमार उपाध्याय ने एक इंस्टाग्राम यूजर पर सिपाही भर्ती परीक्षा का कथित पेपर बेचने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है।
इंस्पेक्टर राजेश कुमार उपाध्याय के अनुसार, 8 जून से 10 जून तक आयोजित हो रही आरक्षी एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 परीक्षा के दौरान बोर्ड के सतर्कता सेल को सोमवार सुबह करीब 10:41 बजे व्हाट्सएप पर एक सूचना प्राप्त हुई। सूचना में बताया गया कि इंस्टाग्राम आईडी up_police_leak पर एक पोस्ट साझा की गई थी, जिसमें "UP Police Paper Available Limited" लिखकर 9 और 10 जून की पहली पाली का प्रश्नपत्र एक हजार रुपये में उपलब्ध कराने का दावा किया गया था।
मामले की जानकारी मिलने के बाद इंस्पेक्टर राजेश कुमार उपाध्याय ने हुसैनगंज थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित इंस्टाग्राम यूजर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
शिव मंगल सिंह ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। साइबर सेल संबंधित इंस्टाग्राम आईडी और उसके संचालक की पहचान करने में जुटी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि पोस्ट केवल अफवाह फैलाने के उद्देश्य से डाली गई थी या इसके पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है।