लखनऊ न्यूज डेस्क: लखनऊ के एक निजी स्कूल में नर्सरी के पांच वर्षीय छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कक्षा की मॉनिटर ने शिक्षक के कमरे से बाहर जाने के बाद करीब आठ मिनट तक बच्चे की पिटाई की। इस घटना का पूरा घटनाक्रम कक्षा में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। घटना के बाद स्कूल ने छात्रा मॉनिटर को निष्कासित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार को एएलएस अकादमी में हुई। करीब 10 मिनट के सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देता है कि कक्षा में शिक्षक करीब 18 बच्चों के साथ मौजूद हैं। कुछ देर बाद शिक्षक बच्चों को सिर नीचे करके बैठने के लिए कहते हैं और कक्षा की मॉनिटर को निगरानी की जिम्मेदारी देकर बाहर चले जाते हैं।
शिक्षक के बाहर जाते ही मॉनिटर उन बच्चों को थप्पड़ मारने लगती है, जिन्होंने सिर उठाया। इसी दौरान उसने एक पांच वर्षीय छात्र को कई बार थप्पड़ मारे और जब बच्चा रोने लगा तो उसका सिर जबरन नीचे कराने की कोशिश की।
फुटेज में दिखता है कि बच्चा डरकर दरवाजे की ओर भागता है, लेकिन मॉनिटर उसे रोककर वापस खींच लाती है, दोबारा थप्पड़ मारती है और दरवाजा अंदर से बंद कर देती है। इसके बाद भी वह बच्चे के साथ मारपीट करती रहती है, जबकि बाकी छात्र सिर नीचे करके बैठे रहते हैं।
करीब 10 मिनट बाद शिक्षक वापस लौटते हैं। दरवाजा खुलते ही बच्चा खड़ा होकर मॉनिटर की शिकायत करता है। घर पहुंचने पर परिजनों ने बच्चे के चेहरे पर सूजन और चोट के निशान देखे। इसके बाद वे स्कूल पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद मामले की जानकारी मिली।
घटना के बाद स्कूल प्रशासन ने संबंधित छात्रा मॉनिटर को निष्कासित कर दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।