लखनऊ न्यूज डेस्क: खराब मौसम के कारण दिल्ली से वाराणसी जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान को शुक्रवार सुबह लखनऊ एयरपोर्ट डायवर्ट करना पड़ा। विमान निर्धारित समय पर वाराणसी पहुंचा, लेकिन मौसम अनुकूल न होने की वजह से उसे लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी।
जानकारी के अनुसार एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट आईएक्स-1225 दिल्ली से उड़ान भरकर सुबह करीब 8 बजे वाराणसी के आसमान में पहुंची थी। खराब मौसम के कारण विमान को लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली और वह कुछ देर तक आसमान में चक्कर लगाता रहा।
काफी देर तक इंतजार के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने विमान को लखनऊ डायवर्ट करने का निर्णय लिया। इसके बाद विमान सुबह लगभग 8:30 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, लखनऊ पर सुरक्षित उतारा गया।
बताया जा रहा है कि विमान में करीब 90 यात्री और 6 क्रू मेंबर सवार थे। लखनऊ एयरपोर्ट पर करीब एक घंटे रुकने के बाद वाराणसी का मौसम सामान्य होने पर फ्लाइट को सुबह 9:27 बजे फिर से वाराणसी के लिए रवाना कर दिया गया।