लखनऊ न्यूज डेस्क: लखनऊ के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के सिसेंडी गांव में विधवा महिला और उसके जन्मांध बेटे की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पड़ोसी मजदूर किशन रावत ने ही महिला के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी और उसके बेटे की हत्या कर दी थी।
सिसेंडी गांव की रहने वाली रेशमा बानो पान मसाला की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करती थीं। उनका 18 वर्षीय बेटा शादाब जन्म से ही दोनों आंखों से दृष्टिहीन था। आरोप है कि सोमवार रात आरोपी घर में घुसा, महिला के साथ दुष्कर्म किया और बाद में मां-बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने बेटे शादाब की गला घोंटने के बाद पानी से भरे टब में डुबोकर हत्या कर दी। महिला का शव कमरे में बिस्तर के पास अर्धनग्न अवस्था में मिला, जबकि बेटे का शव टब में पड़ा हुआ था। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया।
जांच के दौरान शक के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। बुधवार देर रात बाजखेड़ा इलाके में पुलिस ने आरोपी को घेर लिया। इस दौरान आरोपी ने फायरिंग की कोशिश की, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।