लखनऊ न्यूज डेस्क: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान 3.70 क्विंटल गांजा बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 92.50 लाख रुपये बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह खेप ओडिशा से छत्तीसगढ़ और सुलतानपुर के रास्ते लखनऊ लाई जा रही थी।
पुलिस के अनुसार, 13 फरवरी 2026 की रात करीब 8:32 बजे थाना गोमतीनगर विस्तार क्षेत्र में यह गिरफ्तारी की गई। STF को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा के मलकानगिरी इलाके से बड़ी मात्रा में गांजा ट्रक के जरिए राजधानी लखनऊ पहुंचाया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर ट्रक को पकड़ लिया।
जांच में खुलासा हुआ कि तस्कर ट्रक के प्लेटफॉर्म में विशेष रूप से तैयार की गई गुप्त कैविटी में 5 से 8 क्विंटल तक गांजा छिपाकर लाते थे। उनके साथ एक बिना नंबर की स्कॉर्पियो आगे-आगे चलती थी, जो रास्ते में पुलिस चेकिंग की जानकारी ट्रक चालक तक पहुंचाती थी। कार्रवाई के दौरान ट्रक, स्कॉर्पियो, पांच मोबाइल फोन, एक वाईफाई डोंगल और 9,300 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि गिरोह अब तक 15 से 20 बार उड़ीसा से गांजे की खेप लखनऊ ला चुका है। यह मादक पदार्थ लखनऊ के अलावा सीतापुर, बाराबंकी, गोंडा और बहराइच में भी सप्लाई किया जाता था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गोमतीनगर विस्तार थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।