लखनऊ न्यूज डेस्क: लखनऊ पुलिस ने राजधानी में सक्रिय एक लुटेरी महिला गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंग की छह महिला सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो ई-रिक्शा में सवारी बनकर महिलाओं को निशाना बनाती थीं। इनके पास से तीन सोने की चेन, एक माला और 13 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। फिलहाल पुलिस इनसे पूछताछ कर गैंग से जुड़ी और जानकारी जुटा रही है।
जानकारी के मुताबिक, यह गिरोह ई-रिक्शा में बैठकर महिला सवारियों को बहला-फुसलाकर उनके गहने लूट लेता था। पुलिस को इस गैंग की गतिविधियों की सूचना महिला उपनिरीक्षक गुरु प्रीत कौर को मिली थी। इसके बाद हुसड़िया चौकी प्रभारी और महिला पुलिस टीम ने जाल बिछाकर इन महिलाओं को रंगे हाथों पकड़ लिया।
पकड़ी गई सभी महिलाएं पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आती थीं और लखनऊ में लूट की घटनाओं को अंजाम देती थीं। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान ज्योति, माला, अर्चना (सभी चंदौली की निवासी), लक्ष्मी (मऊ), नीतू (चंदौली) और वंदना (गाजीपुर) के रूप में हुई है। बताया गया कि जब पुलिस ने घेराबंदी की, तब ये महिलाएं नई वारदात की योजना बना रही थीं।
पूछताछ में गैंग की महिलाओं ने गोमतीनगर, चिनहट और विभूतिखंड क्षेत्रों में कई लूट की घटनाओं को कबूल किया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस गैंग से अन्य महिलाएं भी जुड़ी हुई हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस गिरोह के बाकी सदस्यों को भी पकड़ा जाएगा।