लखनऊ न्यूज डेस्क: लखनऊ में एक ही परिवार के तीन लोगों के जहर खाने की घटना सामने आई है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। इस घटना में मां और बेटे की मौत हो गई, जबकि पिता की हालत गंभीर है और उनका इलाज जारी है।
मृतकों की पहचान तारावती (52) और संदीप (30) के रूप में हुई है, वहीं रूपनारायण (55) अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस को संदीप की जेब से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें लिखा है कि वे अपनी इच्छा से यह कदम उठा रहे हैं और इसके लिए परिवार को जिम्मेदार न ठहराया जाए।
यह मामला बंथरा क्षेत्र के नींवा गांव का है। परिवार चाय-समोसा की दुकान और पान की गुमटी चलाकर गुजारा करता था। घटना के समय घर में छोटा बेटा कुलदीप भी मौजूद था।
कुलदीप ने बताया कि उसने गुरुवार रात खाना बनाया था, लेकिन मां, पिता और भाई ने बाहर खाना खाने की बात कहकर मना कर दिया और कमरे में सोने चले गए, जबकि वह खुद बरामदे में सो गया।
शुक्रवार तड़के आवाज सुनकर उसकी नींद खुली तो उसने पिता को उल्टी करते देखा। कमरे में जाकर देखा तो मां और भाई बेहोश पड़े थे और उनके मुंह से झाग निकल रहा था। इसके बाद सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मां और बेटे को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को घर के बाहर एक फटा हुआ नोटिस भी मिला है, जिसमें ‘सिक्योरिटी ऑफिसर, मुंबई’ लिखा दिखाई दे रहा है, लेकिन पूरा मामला अभी साफ नहीं हो पाया है। कुलदीप ने किसी कर्ज या नोटिस की जानकारी होने से इनकार किया है।
फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि आखिर परिवार ने यह कदम क्यों उठाया।