लखनऊ न्यूज डेस्क: लखनऊ में चाइनीज मांझा के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत बाजार खाला इलाके में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। हैदरगंज चौराहे पर यातायात पुलिस और स्थानीय लोगों की सतर्कता से बाइक सवार दो युवकों को चाइनीज मांझा के साथ पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से चाइनीज मांझे की रील बरामद हुई, जिसके बाद दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के मुताबिक, तीन युवक बाइक से पतंग उड़ाने के इरादे से जा रहे थे। संदिग्ध गतिविधि देखकर स्थानीय लोगों ने उन्हें रोका और बाइक की जांच की। इसी दौरान रील में लिपटा चाइनीज मांझा मिला। इसके बाद तुरंत बाजार खाला पुलिस को सूचना दी गई और युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
बाजार खाला थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए दोनों युवक गोमतीनगर इलाके के रहने वाले हैं और घूम-घूमकर पतंगबाजी करते थे। तीसरा युवक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश और भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ चाइनीज मांझा रखने और इस्तेमाल करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद पूरे प्रदेश में चाइनीज मांझा के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। सीएम ने साफ कहा है कि चाइनीज मांझा से मौत के मामलों में हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा और बेचने व इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।