वाराणसी। लखनऊ के अस्पताल में भर्ती यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का 89 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने शनिवार रात अस्पताल में आखिरी सांस ली। वे 4 जुलाई से लखनऊ के SGPGI अस्पताल में भर्ती थे।
लंबे समय से चल रहे थे बीमार:-
जानकारी के मुताबिक बीजेपी के दिग्गज नेता और यूपी के पूर्व सीएम कल्याण सिंह की हालत गंभीर होने पर उन्हें 4 जुलाई को लखनऊ के SGPGI अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया था। तब से उनकी हालत में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ था। शनिवार को उनके अंगों ने काम करना बंद कर दिया जिससे उनकी मौत हो गई। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कल्याण सिंह राम मंदिर आंदोलन के बड़े नेता थे। उनका निधन बीजेपी के लिए बड़ी क्षति है. उनके निधन पर सोमवार को यूपी में राजकीय अवकाश रहेगा। वहीं रविवार शाम को पूर्व सीएम कल्याण सिंह का शव का अलीगढ़ ले जाया जाएगा।
बनारस से रहा पुराना नाता:-
मुख्यमंत्री रहते हुए कल्याण सिंह की बनारस के मलदहिया चौराहे पर अहम सभा हुई थी। इसमें कल्याण सिंह ने एक बारगी फिर माफियाओं को ललकारते हुए पुलिस अफसरों से कहा कि मानवाधिकार के सवालों से घबराने की जरूरत नहीं है। माफिया है तो उसे गोली मारो। हां, यह जरूर है कि सीने में नहीं बल्कि कमर के नीचे मारो। इसके बाद तो सभा में मौजूद बनारस की जनता ने उनका तालियों की गडग़ड़ाहट के साथ स्वागत किया। इस तालियों की गूंज ऐसी रही कि दूर बैठे माफिया भी सहम गए और जनसभा ने पुलिस अफसरों के गिरते हौसले को बढ़ाने का काम किया।