मुंबई, 04 अक्टूबर, (न्यूज़ हेल्पलाइन)। नॉर्थ कोरिया ने मंगलवार को जापान की ओर बैलिस्टिक मिसाइल दागी। साउथ कोरिया के जॉइंट चीफ ऑफ स्टाफ ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि नॉर्थ कोरिया ने अपने पूर्वी तट से एक बैलिस्टिक मिसाइल दागी। एक हफ्ते के भीतर कोरिया का यह पांचवां मिसाइल परीक्षण है। नॉर्थ कोरिया की 2017 के बाद यह पहली मिसाइल है, जो जापान के ऊपर से गुजरी है। मिसाइल जापान से करीब 3,000 किमी (1,860 मील) दूर प्रशांत महासागर में गिरी। नॉर्थ कोरिया की इस हरकत के बाद जापान में अलर्ट जारी किया गया है। मिसाइल लॉन्च की जानकारी के बाद जापान की सरकार ने सभी नागरिकों को सुरक्षित जगह पर जाने को कहा। जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने लॉन्च को हिंसक व्यवहार बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है।
जापान ने नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल की इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है। जापानी सरकार से होक्काइडो आइलैंड के लोगों के लिए अलर्ट जारी किया है। साथ ही कई ट्रेनों का संचालन अस्थायी तौर पर रोक दिया गया है। आपको बता दे संयुक्त राष्ट्र यानी UN ने नॉर्थ कोरिया पर परमाणु और बैलिस्टिक हत्यारों की टेस्टिंग को लेकर प्रतिबंध लगाए हैं। आसान शब्दों में कहें तो नॉर्थ कोरिया परमाणु और बैलिस्टिक मिसाइलों का परीक्षण नहीं कर सकता है। इसके बावजूद लगातार मिसाइल टेस्ट किए जा रहे हैं। इससे पहले मई में भी मिसाइल टेस्ट किया गया था।